गाजीपुर : डॉ.पल्लवी बनीं भारतीय खेल प्राधिकरण की निदेशक

प्राची राय
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत करीमुद्दीनपुर गाँव की बेटी डॉ. पल्लवी राय को भारतीय खेल प्राधिकरण, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय में निदेशक के पद पर तीन वर्षों की प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया गया है। डॉ. पल्लवी राय, HAL लखनऊ से रिटायर्ड प्रमोद कुमार राय एव चन्द्रलेखा राय की पुत्री एवं सेवानिवृत्त XEN बिहारी राय की पौत्री हैं। ननिहाल करीमुद्दीनपुर में सच्चिता राय की बड़ी लड़की की लड़की है। इनका जन्म एवं पालन-पोषण लखनऊ में हुआ। विज्ञान की छात्रा होने के साथ-साथ इंजीनियरिंग की आकांक्षी रहीं। डॉ. राय बचपन से ही खेलों में अत्यंत सक्रिय रहीं। उन्होंने बास्केटबॉल में उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व किया और पढ़ाई व खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण विद्यालय की स्पोर्ट्स कैप्टन रहीं। उन्होंने विद्यालय एवं लखनऊ जनपद के लिए विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अनेक पदक अर्जित किए।




