चंदौली : मंडल रेल प्रबंधक ने देखी विकास कार्यों की प्रगति

राजेंद्र प्रकाश
चन्दौली । मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु आरा–सासाराम-डीडीयू रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में मीना ने पीरो, बिक्रमगंज, सासाराम, कुदरा, भभुआ रोड, दुर्गावती एवं चंदौली मझवार स्टेशनों पर रुककर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन परिसरों में यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण यान ‘परख’ से रेलखंड में निरीक्षण के दौरान रेल परिचालन, संरक्षा, सिगनलिंग, ओएचई एवं ट्रैक की स्थिति का भी अवलोकन किया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि स्टेशन विकास कार्यों के साथ-साथ परिचालनिक दक्षता भी बनी रहे।
निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में गति बनाए रखने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




