देवरिया : समाज के कमजोर वर्ग की सेवार्थ अद्विक सेवा फाउंडेशन का भव्य उद्घाटन

असगर अली
देवरिया। जनपद के सिविल लाइन रोड पर नवगठित अद्विक सेवा फाउंडेशन का भव्य उद्घाटन उप निबंधन प्रभारी सैयद शहजाद अहमद द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान संस्था ने यह स्पष्ट किया कि उसका मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, शोषित, वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों की निःस्वार्थ सेवा करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार रवि रावत के पुत्र अद्विक रावत द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर की गई। इसके पश्चात संस्था के उद्देश्यों एवं भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उद्घाटन समारोह में जिले के अनेक पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संस्था की पहल को सराहनीय बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। ठंड के मौसम के मद्देनजर अद्विक सेवा फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद एवं गरीब महिलाओं को कंबल बांटे गए।
मुख्य अतिथि उप निबंधन प्रभारी सैयद शहजाद अहमद ने कहा कि संस्था द्वारा ऐसे पुनीत कार्य अत्यंत सराहनीय है आशा करता हूं कि इसी तरह गरीबों, असहायों की सहयोग भविष्य में भी बखूबी करते रहेंगे और कहा कि पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार पेशे से जुड़े लोगों द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में आगे आना अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब समाज कई चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में अद्विक सेवा फाउंडेशन जैसी संस्थाएं जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनकर उभर रही हैं। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। साथ ही यह भी बताया कि आने वाले समय में फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, गरीबों की सहायता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करेगा, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा सके।




