बीएचयू परिसर में देर रात दर्दनाक हादसा

तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, एक छात्र की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
प्राची राय
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में रात करीब 1:30 बजे होलकर भवन के समीप मोटरसाइकिल सवार तेज गति से अनियंत्रित होने से आम के पेड़ से टकरा गयी । हादसे मे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीनों छात्र महिला महाविद्यालय की ओर से एलडी चौराहे की तरफ जा रहे थे। होलकर भवन के सामने बाइक अचानक अनियंत्रित हो सड़क किनारे लगे आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। तीनों छात्र सड़क पर दूर जा गिरे। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। तुरंत विश्वविद्यालय प्रशासन व पुलिस को सूचना दी। हादसे में सोनू सुथर, एमपीएड द्वितीय वर्ष (सत्र 2024–26), गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल अन्य दो छात्रों की पहचान मनीष कुमार, बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबैंड्री, राजीव गांधी साउथ कैंपस, और संतोष कुमार, बीपीएड द्वितीय वर्ष, के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।




