Slide 1
Slide 1
वाराणसी

वाराणसी : थाना कैंट पुलिस व नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, शहर होगा अब अतिक्रमण मुक्त 

उत्पल मुखर्जी (दादा)

(वरिष्ठ संवाददाता)

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशानुसार सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना कैंट पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। इस क्रम में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में नदेसर क्षेत्र में एक समाचार पत्र कार्यालय के आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानों के बाहर फैलाई गई सामग्री तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। लंबे समय से इन अतिक्रमणों के कारण आमजन एवं वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। संकरी होती सड़कों के चलते अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे आपातकालीन सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस एवं नगर निगम की टीम ने दुकानदारों एवं स्थानीय व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। विशेष रूप से दुकानों के सामने खड़ी खराब एवं लंबे समय से अनुपयोगी वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा स्पष्ट रूप से कहा गया कि सभी संबंधित लोग दो दिन के भीतर ऐसे वाहनों को स्वयं हटा लें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि शहर में सुगम यातायात और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में जाम की समस्या में कमी आएगी और आवागमन अधिक सहज होगा। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में व्यवस्था सुधार की दिशा में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button