Slide 1
Slide 1
मौसम

9 साल में पहली बार धरती को नहीं तपा सका नौतपा

अरब सागर से आ रही नम हवा से मिली लोगों को भारी राहत

सरफराज अहमद
वाराणसी। पिछले नौ साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि नौतपा का पहला और दूसरा दिन तपाने वाला नहीं बल्कि गर्मी से निजात दिलाने वाला साबित हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर से तेज नम हवाएं आ रहीं हैं। इसी से बने शक्ति नामक चक्रवात से नौतपा ठंडा पड़ गया।

आमतौर पर नौतपा के दौरान पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रहता है और कई बार 47 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच जाता है, लेकिन इस बार रविवार और सोमवार को नौतपा के पहले व दूसरे दिन समाचार लिखे जाने तक अधिकतम पारा 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहा।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक इस बार नौतपा में आंधी आने की भी उम्मीद है और बारिश भी हो सकती है। 30 और 31 मई को आंधी बारिश की संभावना ज्यादा प्रबल है। हालांकि बादलों की आवाजाही अभी से शुरू हो गई है।

अरब सागर से चलने वाली नम हवाएं उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गईं हैं और इन्हीं के चलते बारिश की संभावना बढ़ी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल भी चुका है। पूर्वांचल में सप्ताह के अंत तक बारिश होने के आसार बन रहे हैं।

बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखकर नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख मार्गाें में पानी के छिड़काव की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की ओर से निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य मार्गों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव कराया जाएगा। इसके लिए सभी जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वे दिन में 12 से 4 बजे के बीच अपनी निगरानी में पानी का छिड़काव कराएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button