
डॉ ए के राय
गाजीपुर। केंद्रीय विद्यालय के ‘वार्षिक खेलकूद दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण और गुब्बारे उड़ाकर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक का हरित स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत विद्यालय के चारों सदनों के छात्रों ने मार्च पास्ट की प्रस्तुति कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। दिन भर चली विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी भागीदारी निभाई। अपने सम्बोधन में पुलिस अधीक्षक ने खेल और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीवन में सफलता पाने के लिए शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और खेल भावना की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की।छात्रों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल हमें न केवल जीतना सिखाते हैं, बल्कि हार को गरिमा के साथ स्वीकार करना और दोबारा प्रयास करना भी सिखाते हैं। अनुशासन ही वह नींव है जिस पर एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है। इसके साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशा मुक्त रहने और मोबाइल गेम्स की दुनिया से बाहर निकलकर मैदानी खेलों में पसीना बहाने के लिए प्रेरित किया ।




