बलिया:शिक्षक देवेंद्र यादव हत्याकांड: 50 हजार के बदमाश को मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार, दूसरा फरार

16 सितंबर को लूट की घटना का विरोध करने पर देवेंद्र की बदमाशों ने की थी गोली मार कर हत्या,दो जगह लूट की घटना को दिया था अंजाम,एसओजी, उभाव व भीमपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
Report by tilak Kumar
बलिया। शिक्षक देवेंद्र यादव हत्याकांड के 50 हजार के इनामिया बदमाश को एसओजी, उभाव व भीमपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे मलेरा के पास मुठभेड़ में आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही करते हुए गोली चलाई जो बदमाश के दोनों पैर में जा लगी। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल बदमाश ने पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम व पता विकास सोनकर पुत्र बाबूलाल निवासी बहरज थाना बरहज जनपद देवरिया बताया। घायल के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक बाइक, लूटकांड के 2250 रुपया नकद बरामद किया। फरार हुए बदमाश की तलाश जारी है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
बता दे कि 16 सितंबर 2025 को उभांव थाना क्षेत्र में करीब 2.30 बजे पहले महिला अध्यापिका श्रीमती राधिका वर्मा के गले से सोने की चेन छीन लिया था। इसके बाद 2.45 बजे दिन में ही साहूंपुर में अध्यापक देवेन्द्र प्रताप यादव एवं महिला अध्यापिका श्रीमती कंचन सिंह से सोने की चेन व अँगूठी लूट ली तथा शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव के विरोध करने पर उन्हें गोली मारकर हत्या कर घटना को अंजाम दिया था। बता दे उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड के यादव नगर निवासी देवेन्द्र यादव (57) देवरिया जनपद के प्राथमिक विद्यालय भागलपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वहीं पर सहायक अध्यापिका कंचन सिंह भी शिक्षक के पद पर तैनात है। इसी क्रम में पुलिस पहले ही लूटकांड के आरोपी नितिश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी टोला नन्दपुर कुकर घाटी थाना खामपार जनपद देवरिया समेत अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि उभाव थाना के मलेरा के पास मंगलवार की रात एसओजी, उभाव व भीमपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लूटकांड के इनामिया बदमाश को आत्मरक्षार्थ गोली चलाकर गिरफ्तार किया। वहीं एक बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।




