देवरिया:ट्रेलर की चपेट में आने से युवक बुरी तरह हुआ घायल

असगर अली/देवरिया। शारदीय नवरात्रि के समापन पर शुक्रवार शाम को मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हौली निवासी दिनेश यादव बरांव चौराहा बरहज मार्ग पर डीजे की धुन पर नागिन डांस करते समय ट्रेलर की चपेट में आ गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विसर्जन यात्रा में शामिल दिनेश यादव डीजे पर नागिन डांस कर रहे थे। नाचते नाचते उन्होंने अचानक अपना नियंत्रण खो दिया।बगल से जा रहे ट्रेलर के सामने आ गए। चालक के ब्रेक लगाने से पहले ही युवक ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने शोर मचाते हुए ट्रेलर को रुकवाया।इस हादसे में दिनेश यादव का एक हाथ बुरी तरह पिस गया। उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां भी हालत नाजुक बनी रहने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां उनका इलाज जारी है।ग्रामीणों ने बताया कि विसर्जन जुलूसों में अक्सर डीजे और नृत्य के दौरान सुरक्षा की अनदेखी की जाती है। जिससे ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।सूत्रों के अनुसार घायल युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।




