गाज़ीपुर:महर्षि दयानंद शाखा के स्वयंसेवकों ने डी.ए.वी.इंटर कॉलेज में की श्रमदान..


मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए अपना आचार विचार सत्य रखना जरूरी: आदित्य प्रकाश आर्य
गाजीपुर। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत नगर के पूर्वी क्षेत्र में संचालित महर्षि दयानंद सरस्वती शाखा के स्वयंसेवकों ने शुक्रवार को डी.ए.वी.इंटर कॉलेज परिसर में अपना श्रमदान देते हुए उद्यान की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया। नगर के सहकार्यवाह अभिषेक शौडिक ने बताया कि इस तरह का कार्यक्रम हम सभी का अनवरत चलता रहता है। जिससे हम अपने क्षेत्र के गंगा घाट, मंदिर, विद्यालय आदि के आसपास एवं उनके अंदर श्रमदान करके नागरिकों और विद्यार्थियों को जागरूक करने का कार्य करते रहते हैं। विद्यालय के प्रबंधक आदित्य प्रकाश ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस स्वच्छता दो प्रकार की होती है एक मानसिक और दूसरी शारीरिक अगर हम मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं रहेंगे तो हम शारीरिक रूप से भी स्वस्थ नहीं रह सकते हैं।
इसलिए हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि हम मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए अपना आचार विचार सत्य रखना होगा। आगे कहां कि “अद्भिर्गात्राणि शुध्यन्ति मनः सत्येन शुध्यति। विद्यातपोभ्यां भूतात्मा बुद्धिर्ज्ञानेन शुध्यति॥अर्थात शरीर के अङ्ग पानी से शुद्ध होते है , मन सत्य से शुद्ध होते है, जीवात्मा विद्या और तप से शुद्ध होता है, बुद्धि ज्ञान से शुद्ध होती है। इन चार प्रकार की शुद्धियों को धारण करने वाला व्यक्ति मन, आत्मा और शरीर से सदा निरोग और स्वस्थ बना रहता है। वह संसार के सब सुख भोगता हुआ अपना जीवन सफल बनाता है। यजुर्वेद में कहा गया है “तन्मे मनः शिवसंकल्पमस्तु “अर्थात मेरे मन का संकल्प शिव हो शुभ हो कल्याणकारी हो। मन को बुरे विचारों से दूर रख कर हमेशा अच्छे विचार और अच्छे संकल्प ही मन में धारण करने चाहिए। सभी प्रकार के अच्छे या बुरे विचार धारण करने वाला यह हमारा मन ही है। आज के परिवेश में जहां मनुष्य अपने चरित्र, वाणी, कर्म एवं संस्कारों को खो चुका है। अपनी शक्तियों का प्रयोग मानवता को विनष्ट करने में कर रहा है, ऐसी स्थिति में हमारा मन कल्याणकारी और शुभ संकल्पों वाला हो ऐसा हमें सदैव ध्यान रखना होगा। तभी हम मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की रक्षा कर सकेंगे। शक्ति का प्रयोग धन वैभव एवं भोग सामग्रियों को जुटाने में नहीं वरन शोषित एवं अभावग्रस्त दीनजन की सेवा करने में होना चाहिए। इस मौके पर हृदय प्रकाश वर्मा,अभिषेक शौडिक,आदित्य प्रकाश आर्य आदि स्वयंसेवकों ने भाग लिया।




