
गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। सोमवार को शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर नगर में विभिन्न स्थानों पर हवन-पूजन एवं माल्यार्पण का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही और कार्यक्रम धार्मिक उल्लास एवं सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन जयंती के मौके पर प्रातः 8 बजे अग्रसेन चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात गुरु घाट स्थित बालक दास ट्रस्ट मंदिर में पूजन संपन्न हुआ। इसके उपरांत श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज तथा श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में विधिवत हवन-पूजन आयोजित किया गया। हवन के बाद उपस्थित जनसमूह को प्रसाद वितरण भी किया गया। तत्पश्चात श्री अग्रवाल धर्मशाला एवं भंडार में भी हवन-पूजन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।इस अवसर पर श्री अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के पदाधिकारीगण, सदस्यगण, समाज के प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज एवं श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय की प्राचार्य, प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी सम्मिलित हुए।




