
पिछले वर्ष इनके बड़े भाई हुए थे सम्मानित
पिछले वर्ष इनके बड़े भाई भी हुए थे सम्मानित
गयाजी जिले के बांकेबाजार प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय नावाडीह के प्रधानाध्यापक श्री जितेंद्र कुमार का चयन इस वर्ष के राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए किया गया है। इस प्रतिष्ठित सम्मान से उन्हें आगामी शिक्षक दिवस, यानी 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा के प्रति समर्पण और मिशन के प्रति निष्ठा की मिसाल प्रस्तुत करने वाले जितेंद्र कुमार इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं। हाल ही में उन्हें टीबीटी मगध प्रमंडलीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त हुआ, जबकि वर्ष 2024 में उन्हें जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रधानाध्यापक का खिताब भी मिला। गौरतलब है कि पिछले वर्ष उनके बड़े भाई, मध्य विद्यालय डिहुरी के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार को भी राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जिससे इस सम्मान की पारिवारिक और सामाजिक प्रतिष्ठा और भी अभिवृद्धि पाई है। श्री कुमार नवाचारों और प्रभावी शिक्षण कार्य के कारण अपने विद्यालय को एक मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया है। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर कम करने के लिए “चिल्ड्रन बैंक” की व्यवस्था की, साथ ही अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने के लिए “ अभिभावक के नाम पाती अभियान” चलाया। शिक्षण के नए आयाम खोलने हेतु उन्होंने ICT आधारित लाइव क्लासेस की व्यवस्था स्थापित की और विद्यालय की दीवारों पर शैक्षणिक सामग्री प्रदर्शित की, जिससे कक्षा की आकर्षकता में इजाफा हुआ। जनसमुदाय की सहयोगी भावना से विद्यालय की आधारभूत संरचना मजबूत हुई, जिसके परिणामस्वरूप उनके विद्यालय से हर साल छात्र राष्ट्रीय आय -सह-छात्रवृत्ति परीक्षा एवं नवोदय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। यह सम्मान जितेंद्र कुमार के लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके व्यक्तिगत और पारिवारिक इतिहास का एक भावनात्मक और प्रेरणादायक हिस्सा भी है। उन्होंने अपने इस पुरस्कार को अपने दिवंगत पिता श्री शुकदेव चौधरी, जो स्वयं एक आदर्श शिक्षक रहे, को समर्पित किया है। ये शिक्षक वर्ष 1999 बैच के बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित थे और पिछले 26 वर्षों से शिक्षा क्षेत्र में समर्पित भाव से योगदान दे रहे हैं। बांके बाजार प्रखंड के तिलैया गांव के निवासी हैं। इनके बड़े भैया भाभी और स्वयं के पत्नी भी शिक्षिका है उनके सभी भाई सरकारी सेवा एवं दो बहने भी शिक्षिका है राजकीय सम्मान मिलने पर उनके परिवार और विद्यालय समुदाय दोनों के लिए गर्व का विषय बन गया है। उनके चयन की खबर से पूरे जिले में उत्साह की लहर दौड़ गई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गौरव राज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आनंद कुमार, बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (गोप गुट) के जिला अध्यक्ष मोहम्मद हैदर अली खान, प्रमंडलीय संयोजक डॉ. विनोद कुमार, जिला टीचर वेलफेयर ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी वीरेंद्र कुमार, डॉ. अलख निरंजन, राजबल्लभ प्रसाद, प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद, सत्यनारायण यादव, विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी सभी अत्यंत प्रसन्न हैं और इस गौरवपूर्ण अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दे रहे हैं। शिक्षा सेवा में समर्पण, नवाचार और नेतृत्व का संगम प्रस्तुत करने वाले जितेंद्र कुमार का यह सम्मान न केवल उनके जीवन की उपलब्धि है, बल्कि पूरे जिले के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण भी है। यह सत्य है कि एक समर्पित शिक्षक समाज में परिवर्तन की अलख जगाता है और ज्ञान की ज्योति से आने वाली पीढ़ियों का मार्ग प्रदर्शित करता है।




