
डिस्ट्रिक्ट टीचर वेलफेयर ट्रस्ट, गया मोती मणि देवी को सावित्रीबाई फुले शिक्षक सम्मान’, चंद्र प्रकाश को ‘डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक सम्मान’ से करेगा अलंकृत
सुशील कुमार
गया।शिक्षक दिवस के अवसर पर इस बार गया जिले में सम्मान और गर्व का खास माहौल रहेगा। डिस्ट्रिक्ट टीचर वेलफेयर ट्रस्ट,गया की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। मध्य विद्यालय शहमीर तकिया से सेवानिवृत्त शिक्षिका मोती मणि देवी को शिक्षा के क्षेत्र और ट्रस्ट में उनके योगदान के लिए ‘सावित्रीबाई फुले शिक्षक सम्मान’ तथा मध्य विद्यालय झिकटिया के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक चंद्र प्रकाश को उनके प्रेरक कार्यों और समर्पित सेवाकाल के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। यह सम्मान ट्रस्ट के वार्षिक समारोह में आगामी 7 सितंबर को महावीर इंटर कॉलेज, गया में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया जाएगा। समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री गौरव राज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।गौरतलब है कि दोनों शिक्षकों ने ट्रस्ट को ₹50,000 का दान भी प्रदान किया है। ट्रस्ट ने उनके इस योगदान को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी पहल शिक्षा उन्नयन और शिक्षक कल्याण की गतिविधियों को नई दिशा देगी। शिक्षक दिवस पर आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह को लेकर जिले भर के शिक्षकों और शिक्षाविदों में उत्साह का वातावरण है।




