सर्पदंश से युवक की मौत

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के खण्डवारी (उसरा) गांव में रात को एक युवक को सांप ने काट लिया जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।मोहम्मद समीर पुत्र गुफरान अहमद, 21 वर्षीय, निवासी खण्डवारी (उसरा), बीती रात करीब 10 बजे अपने साथियों से बातचीत कर घर लौट रहे थे। गली में कीचड़ होने के कारण वह दीवार का सहारा लेकर चल रहे थे। इसी दौरान दीवार में छिपे सांप ने उन्हें काट लिया।समीर घर पहुंचकर बिना किसी को बताए सो गए। करीब 4 बजे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब उन्होंने पड़ोसी को सांप काटने की जानकारी दी। परिवार और पड़ोसियों ने उन्हें फूलपुर के एक निजी अस्पताल ले जाकर उपचार शुरू कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पहले सिधारी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।




