आजमगढ़:पुलिस ने ATM मशीन से धोखाधड़ी से रुपया निकालने वालों को की गिरफ्तार

गोविन्द लाल शर्मा।
आज़मगढ़। जीयनपुर पुलिस ने एटीएम मशीन में स्टील प्लेट लगाकर धोखाधड़ी से रुपया निकालने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। बीते 9 अगस्त को जब ग्राम फत्तेपुर निवासी सचिन सिंह लाटघाट बाजार स्थित SBI ATM से ₹8,000 निकालने पहुंचे। कार्ड और पिन डालने के बाद मशीन से पैसे तो निकले, लेकिन निकासी वाले हिस्से में स्टील प्लेट लगी होने से बाहर नहीं आ पाए। काफी प्रयास और ग्राहक सेवा से बात करने के बाद उन्हें शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। वे लौट गए, लेकिन बाद में पता चला कि किसी ने प्लेट निकालकर उनके पैसे ले लिए हैं।इस शिकायत पर जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लाटघाट ATM के पास मौजूद हैं। 11 अगस्त को उपनिरीक्षक जाफर खान की टीम ने मोहम्मदपुर गांव के तीन युवकों सद्दाम एजाज और सलीम को ₹8,000 नकद, स्टील उपकरण, एक कैची और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मिलकर एटीएम मशीन के कैश आउटलेट में टिन की प्लेट और सिल्वर टेप लगाते थे। जब कोई ग्राहक पैसा निकालता, मशीन गिनती की आवाज तो करती पर पैसा बाहर नहीं आता। ग्राहक के जाने के बाद आरोपी चुपके से पैसे और प्लेट निकाल लेते। बरामदगी के दौरान सद्दाम से ₹3,500, एजाज से ₹1,000 और धोखाधड़ी में इस्तेमाल पेपर, जबकि सलीम से ₹3,500 व कैची मिली। एजाज ने बताया कि 09 अगस्त को तीनों ने मिलकर ₹8,000 चोरी किए थे, जिसे आपस में बांटा था।




