आजमगढ़:सड़क दुघर्टना में भाई की मौत,बहन घायल

गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरूद्दीनपुर गांव के पास शनिवार की रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा हो गया। एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी, जिससे भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के गुल्लूगढ़ गांव निवासी 42 वर्षीय अनिल कुमार अपनी बहन शीला देवी को मायके से उसके ससुराल बम्हौर, थाना मुबारकपुर लेकर जा रहे थे। दरअसल, शीला देवी के पति की तबीयत काफी दिनों से खराब थी और वाराणसी में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को उनके निधन की सूचना मिलने पर शीला मायके से ससुराल के लिए अनिल के साथ रवाना हुई थीं।रात लगभग आठ बजे जब दोनों पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर फखरूद्दीनपुर गांव के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद की, लेकिन तब तक अनिल कुमार की मौत हो चुकी थी। घायल शीला देवी को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।अनिल कुमार पैथोलॉजी में कार्यरत थे । हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।




