मिर्जापुर: लखनपुर गांव में बढ़ा डायरिया का प्रकोप,अधेड़ की मौत,40 लोग प्रभावित

मिर्जापुर (तारा त्रिपाठी)।चील्ह थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में डायरिया के प्रकोप ने भयावह रूप ले लिया है। इस बीमारी की चपेट में आकर एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि लगभग 40 लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करीब 20 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रभारी चिकित्साधिकारी धीरज जायसवाल अपनी मेडिकल टीम के साथ लखनपुर गांव पहुंचे और प्रभावित लोगों का उपचार शुरू किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में स्थिति को नियंत्रित करने और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, और स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से साफ-सफाई रखने और उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग से बीमारी के कारणों की जांच और प्रभावित लोगों के लिए समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।




