
गोविंद लाल शर्मा
आजमगढ़। श्रीराम-जानकी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आजमगढ़ जनपद के अंतर्गत महराजगंज के जमीलपुर ग्रामसभा में रविवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा विगत पाँच वर्षों से परंपरागत रूप से निरंतर आयोजित की जा रही है और इस वर्ष भी ग्रामवासियों तथा समीपवर्ती गाँवों के श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ इसमें सहभागिता की। शोभायात्रा का शुभारंभ ग्रामसभा निवासी सोनू सिंह के आवास से हुआ। बाल गोपाल का पूजन, आरती, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यात्रा प्रारंभ हुई तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा का मुख्य स्वरूप वसुदेव जी द्वारा बालकृष्ण को मथुरा से गोकुल ले जाने की दिव्य लीला पर आधारित रहा। आगे-आगे वसुदेव जी बाल गोपाल को सिर पर उठाए चल रहे थे, उनके पीछे घोष वाद्ययंत्र बजाते छात्र तथा उसके पीछे सैकड़ों ग्रामवासी और श्रद्धालु भावपूर्वक यात्रा में सम्मिलित थे। यात्रा का प्रथम पड़ाव श्री उदयभान पाण्डेय व श्री बैजनाथ सिंह जी के निवास पर तथा दूसरा पड़ाव श्री विजय कुमार सिंह जी के निवास पर रहा। यहाँ श्रद्धालुओं ने जलपान किया और उसके बाद शोभायात्रा श्रीराम-जानकी कुटी की ओर अग्रसर हुई।सायंकाल कुटी प्रांगण में जन्मोत्सव की मंगल आरती और भजन-संध्या का आयोजन हुआ। रामकथा वाचक अलंकार कौशिक के संयोजन में आए कलाकारों ने भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।आयोजन समिति के सदस्य दुर्गेश कौशिक ने बताया कि यह शोभायात्रा समाज के सहयोग और ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयास से सम्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि “कार्यक्रम की सफलता में श्रीराम-जानकी मंदिर सेवा समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने उत्तरदायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया और समाज में सहयोग एवं समर्पण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।”इस भव्य आयोजन में जमीलपुर के साथ-साथ समीपवर्ती गाँवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




