आगरा: ताजमहल को बम से उड़ाने की मिली धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, तीन घंटे चला सर्च ऑपरेशन

आकाश वर्मा
आगरा। आगरा में ताजमहल को RDX से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ये ईमेल केरल से आया था, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। यह सर्च ऑपरेशन 3 घंटे तक चला। यह धमकी पर्यटन विभाग को ईमेल के जरिए मिली थी। सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी भरा ईमेल मिलते ही हाई अलर्ट जारी कर दिया। हालांकि, ताजमहल में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। डीसीपी सिटी के निर्देश पर साइबर सेल में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आगरा पुलिस में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल केरल से आया था। इसके बाद सीआईएसएफ, ताज सुरक्षा पुलिस, बन निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉइड, पर्यटन पुलिस और भारत पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने करीब तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान ऐसा कुछ नहीं मिला, जो संदिग्ध हो, लेकिन इसके बाद से ही ताजमहल में सिक्योरिटी और ज्यादा बढ़ा दी गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस ने जांच के दौरान किसी को इसको बारे में जानकारी नहीं दी, लोगों से यह कहा गया कि ताजमहल पर रूटीन मॉक ड्रिल चल रही है। इसके बाद से ही पर्यटक पर भी CCTV से नजर रखी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि यह हॉक्स ईमेल था, जो केरल से आया था। इसके खिलाफ साइबर सेल थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। यानी इसकी जांच अब साइबर सेल कर रही है।
आपको बता दें कि ताजमहल को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है, इसके पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। आखिरी बार दिसंबर 2024 में भी ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। वही पाक से तनाव की पिछले हाल ही में एक एनीमेटेड वीडियो भी सामने आया था, जिसमें ताजमहल में आग और फायर ब्रिगेड के प्रयास दिखाए गए थे। यह वीडियो गाजियाबाद के एक व्यक्ति की आईडी से बनाया गया था, जिसे लेकर भी जांच चल रही है। इन सभी घटनाओं के कारण ताजमहल से जुड़ी हर कॉल, मेल और संदेश को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे की संभावना को नज़र अंदाज नहीं कर रही हैं।




