मऊ : सीएम योगी ने राज्य युवा पुरस्कार से दिव्यांग अभिषेक को किया सम्मानित

सतीश कुमार पांडेय
मऊ। जनपद के लिए गौरव का क्षण उस समय सामने आया, जब समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग अभिषेक पाण्डेय को मुख्यमंत्री ने राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित किया।यह सम्मान उन्हें निरंतर समाज सेवा, युवाओं को प्रेरित करने। जरूरतमंदों के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। दिव्यांग अभिषेक पाण्डेय,पुत्र लक्ष्मण पाण्डेय, ग्राम परसपुर के निवासी हैं। वे बीते कई वर्षों से लगातार समाज सेवा में सक्रिय हैं। समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। उनकी संस्था अब तक हजारों जरूरतमंद लोगों की सहायता कर चुकी है। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर अभिषेक पाण्डेय को स्वामी विवेकानंद की स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे सम्मानित किया।अभिषेक पाण्डेय की इस उपलब्धि से न केवल जनपद मऊ बल्कि पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। सीमित संसाधनों के बावजूद समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना दिया है।




