Slide 1
Slide 1
धर्म

वाराणसी : प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर महाआरती से किया शिव-गंगा का अर्चन

गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में आध्यात्मिक परंपराओं, दीपों की रोशनी और स्वच्छ गंगा के संदेश का हुआ संगम

सुशील कुमार मिश्र
हिंदुस्तान संदेश/ वाराणसी । आस्था के प्रकाश से आलोकित प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति द्वारा आयोजित देव दीपावली की भव्य महाआरती भगवान शिव, काशी की आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छ गंगा को समर्पित की गई । देव दीपावली के दिव्य प्रकाश में मां गंगा की महाआरती के दौरान 21 बटुकों संग 21 डमरुदल एवं ऋद्धि – सिद्धि के रूप में 21 बेटियों के नेतृत्व ने सनातन संस्कृति की गौरवशाली गाथा साकार की । गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं० किशोरी रमण दुबे एवं सचिव पंo दिनेश शंकर दुबे के संयोजन में दीपों से सजे घाट, गंगा की पावन लहरें और मंत्रों से गूंजता सिद्ध पीठ माता शीतला का प्रांगण आस्था की गहराई और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा से ओतप्रोत रहा। वेदपाठी बटुकों के स्वस्तिवाचन के बीच सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती जी के नेतृत्व में  वैदिक रीति से गंगा महारानी का पूजन-स्तवन संग 151 लीटर दूध से अभिषेक करके गंगा निर्मलीकरण का आह्वाहन किया गया। गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ गंगा महारानी की 108 किलो की अष्टधातु की श्रृंगारिक प्रतिमा और उनकी अलौकिक आरती की निराली छवि आकषर्ण का केंद्र रही। माँ गंगा की महाआरती के पश्चात् प्रसिद्ध भोजपुरी गायक एवं अभिनेता दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी के भजनों ने हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति रस से मंत्रमुग्ध कर दिया। काशी के लोकप्रिय गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। देव दीपावली महोत्सव का संचालन कर रहे गंगा सेवक नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने घाट पर उपस्थित सभी नागरिकों को गंगा स्वच्छता का संकल्प दिलाया । भव्य आयोजन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र (दयालु), महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, देश-विदेश से आमंत्रित अतिथिगण एवं कई प्रतिष्ठित बैंकों के सम्मानित अधिकारी व उनके परिवारजन , समिति के संरक्षक पं० कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, विजय गरोदिया, गणेशदत्त शास्त्री,  संकठा प्रसाद, संजय यादव सहित अन्य विशिष्टजनों की गरिमामय  उपस्थिति रही। देव दीपावली के अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति द्वारा काशी के पौराणिक केदार घाट पर पं० संदीप कुमार दुबे के संयोजन में मां गंगा की भव्य और विराट आरती का आयोजन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button