गाजीपुर : मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर, 24 से 26 नवंबर चलेगा तीन दिवसीय विशेष अभियान

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रेसवार्ता में दी अभियान की जानकारी, डेढ़ से दो लाख पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का लक्ष्य
गाजीपुर । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रेसवार्ता कर 24, 25 एवं 26 नवंबर को संचालित तीन दिवसीय विशेष अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 17 नवंबर से हो चुकी है तथा आगामी 04 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जनपद में अभी भी लगभग डेढ़ से दो लाख ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। ऐसे नागरिकों को इस विशेष अभियान के दौरान नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर तथा निर्धारित मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों एवं विद्यालयों में उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाएंगे। जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन भी कराया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य 04 जनवरी को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और डुप्लीकेट नामों की समस्या भी समाप्त की जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर अभियान की निगरानी करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को भी इस अभियान में सहयोग करने के लिए लगाया गया है।
जिलाधिकारी के अनुसार जनपद में लगभग सात हजार इन्यूमरेटर कार्यरत हैं, जिनमें करीब 1800 कर्मचारी बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। निर्वाचन कार्य की प्राथमिकता को देखते हुए इन सभी कर्मचारियों को फिलहाल मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद का इलेक्टोरल पॉपुलेशन रेशियो लगभग 58 से 68 प्रतिशत के बीच है, जिसे विशेष अभियान के माध्यम से बढ़ाकर लगभग 63-64 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अंत में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे इस अवसर का लाभ उठाकर फॉर्म-6 भरें। साथ ही अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर



