अयोध्या से जनकपुर के बीच पहली ट्रेन को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने के लिए प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से मां सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से वर्चुअल मोड में सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।दोनों देशों के पीएम ने हैदराबाद हाउस से वर्चुअली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या को सीधे नेपाल के जनकपुर से जोड़ा जा रहा है।मार्च 2026 में कार्यभार संभालने के बाद नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान ट्रेन को हरी झंडी दिखाया जाना सबसे अहम माना जा रहा है। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। सरयू-कमला एक्सप्रेस की रेगुलर सर्विस 28 नवंबर से उपलब्ध होगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच की 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी।दोनों तरफ से ट्रेन का संचालन हफ्ते में एक-एक बार किया जाएगा।हर सोमवार शाम को अयोध्या से रवाना होने के बाद सरयू-कमला एक्सप्रेस मंगलवार को जनकपुर स्टेशन पहुंचेगी।वापसी में यह जनकपुर से शनिवार दोपहर को चलेगी और रविवार सुबह अयोध्या पहुंच जाएगी। अयोध्या से जनकपुर के बीच यात्रियों को ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस की खास बात यह है कि कंफर्म टिकट वालों को ही इसमें बैठने की इजाजत दी जाएगी।नेपाल से अयोध्या के बीच शुरू होने जा रही ट्रेन का फर्स्ट लुक सामने आ गया है।ट्रेन में यात्रियों के बैठने और सोने के लिए आरामदायक सीटें लगाई गई हैं।खूबसूरत कोच,आरामदायक सीटें और यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाएं सफर को खास बनाने वाली हैं।नेपाल से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस किसी सौगात से कम नहीं है,यह दो देशों की आस्था,संस्कृति और ऐतिहासिक रिश्तों को जोड़ने वाली रेल सर्विस है।
सरयू-कमला एक्सप्रेस हर सोमवार शाम को 5.50 बजे अयोध्या से रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12.40 बजे जनकपुर पहुंच जाएगी।शनिवार दोपहर 1.10 बजे जनकपुर से चलेगी और रविवार सुबह 8.10 बजे अयोध्या पहुंच जाएगी।
कहां से होकर गुजरेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
अयोध्या कैंट,अयोध्या धाम,मनकापुर,बस्ती
गोरखपुर,नरकटियागंज,रक्सौल,सीतामढ़ी
शीशो,मधुबनी,जयनगर। सरयू-कमला एक्सप्रेस में 17 LHB कोच,8 एसी कोच होंगे,7 स्लीपर कोच होंगे और एक लगेज,दिव्यांग कोच और एक पावर कार। बता दें कि प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या और मां सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन करना रामायण सर्किट को मजबूत करना है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के जरिये धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।इसके साथ ही बॉर्डर से लगने वाले एरिया में व्यापार में भी बढ़ोतरी होगी और रोजगार के नए मौके बनेंगे।सरयू-कमला एक्सप्रेस को रवाना करने के बाद पीएम मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री शाह के बीच होने वाली बातचीत में ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर फोकस रहेगा।शाह एक दिन पहले रविवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे।रविवार शाम के समय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नेपाली प्रधानमंत्री से मुलाकात की और सोशल मीडिया पर भारत-नेपाल की मित्रता को लेकर लिखा।



