Slide 1
Slide 1
आजमगढ़

आजमगढ़ : 5वें श्याम जयंती महोत्सव में आस्था का सैलाब, झूमा श्याम परिवार


गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। जब श्रद्धा का रंग चढ़ता है और भजनों की स्वरलहरियां गूंजती है, तो धरा पर ही बैकुंठ उतर आता है। कुछ ऐसा ही नजारा रविवार की शाम आजमगढ़ नगर के पहाड़पुर स्थित श्री कृष्ण गौशाला में तब देखने को मिला जब श्री श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में पांचवें श्री श्याम जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। अखंड ज्योत, छप्पन भोग की सुगंध और बाबा के दिव्य श्रृंगार के बीच पूरा नगर श्याम भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।मंडल अध्यक्ष शोभित खंडेलिया के मुताबिक इस वर्ष का मुख्य आकर्षण बाबा का भव्य दरबार रहा, जिसे कोलकाता से आए कलाकार अजीत माली की टीम ने काजू-बादाम, जूट, सुगंधित फूलों, इत्र और सतरंगी रोशनी से सजाया। दरबार के केंद्र में विराजमान खाटू श्याम के एक ओर प्रथम पूज्य भगवान गणेश व शिवजी तथा दूसरी ओर सालासर बालाजी और राणीसती दादी, श्याम बहादुर व आलू सिंह अपनी आभा बिखेर रहे थे।
भक्ति संध्या का शुभारंभ 11 यजमानों द्वारा अखंड ज्योति प्रज्वलित करने तथा धूप, दीप और इत्र अर्पण के साथ हुआ। गणेश वंदना, सद्गुरु वंदना और सालासर बालाजी के भजनों के बाद जैसे ही आओ जी आओ म्हारा श्याम धणी और बोलो जी दयालु दिलदार के करूँ… जैसे भजनों पर कलाकारों संग भक्तों ने स्वर छेड़ा, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। इस संकीर्तन में कोलकाता से आए भजन प्रवाहक अमोल-शुभम पराशर और धनबाद के कृष्णा अग्रवाल ने अपनी वाणी से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालू खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। भजनों के बीच इत्र और पुष्प वर्षा ने गौशाला को वृंदावन और खाटू धाम में तब्दील कर दिया।
मध्यरात्रि 11 किलो का केक काटकर श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। भक्तों ने अखंड ज्योति में घी, लौंग, बताशा व नारियल की आहुति देकर अर्जी लगाई। महोत्सव में बाबा को चूरमा, खीर, पंचमेवा, फल और मिठाइयों सहित छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पित किया गया। जिसके बाद 51 दीयों से बाबा की भव्य महाआरती उतारी गई और इसके बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल, भोला नाथ जालान, शंभू नाथ जालान, अनिल खंडेलिया, अशोक रूंगटा, विनय रूंगटा, मनोज खेतान, अजीत रूंगटा, अजय सर्राफ, परितोष रूंगटा, सौरभ डालमिया, अरुण रूंगटा और अनूप कुमार अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अनेक श्याम प्रेमीयो ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।
इस सफल आयोजन को मूर्त रूप देने में अध्यक्ष शोभित खंडेलिया, उपाध्यक्ष कन्हैया डालमिया के साथ प्रदीप वैरासिया, नीरज गोयनका, अतुल रूंगटा, देव प्रकाश वैरासिया, गोपाल डालमिया, सुमंत डिडवानिया, सीताराम डालमिया, बलराम तुलस्यान, विष्णु रूंगटा, श्याम खंडेलिया, संदीप डालमिया और हर्ष अग्रवाल, चिंटू खंडेलिया सहित सभी श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button