वाराणसी: पुलिस झंडा दिवस पर डीआईजी वैभव कृष्ण ने फहराया पुलिस ध्वज, लगाया गौरव बैज, शौर्यगाथा को किया नमन

वाराणसी। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को डीआईजी वैभव कृष्ण ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में पुलिस ध्वज फहराकर उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कलर बैज लगाकर उनके समर्पण, सेवा और अनुशासन का सम्मान किया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण का शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया गया। संदेश में बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर प्रदान किया था। यह ऐतिहासिक सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था। डीजीपी के संदेश में प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों और विभिन्न अभियानों का उल्लेख किया गया। इसमें अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, मिशन शक्ति, साइबर अपराधों से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930, आरटीसी, जेडएफडी तथा ऑपरेशन कन्विक्शन जैसी महत्वपूर्ण पहलों को रेखांकित किया गया। संदेश के अनुसार, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अब तक 1,64,917 अभियुक्तों को सजा दिलाई जा चुकी है। यह उपलब्धि प्रदेश में प्रभावी विवेचना, मजबूत पैरवी और अपराधियों को सजा दिलाने की दिशा में पुलिस के प्रयासों को दर्शाती है। पुलिस झंडा दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि वर्दी की गरिमा, बलिदान, अनुशासन और जनता की सुरक्षा के प्रति पुलिसकर्मियों की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली विरासत और जनसेवा के संकल्प को दोहराया गया।



