आजमगढ़ : आज़ाद अधिकार सेना की महिला महासचिव मीना राय को हाउस अरेस्ट

गोविंद लाल शर्मा / आजमगढ़ । जिलें में आज़ाद अधिकार सेना की महिला महासचिव मीना राय को हाउस अरेस्ट किए जाने पर प्रशासन के खिलाफ उबाल देखा जा रहा है। पार्टी के प्रदेश महासचिव अशोक सिंह ने जिला प्रशासन के इस अलोकतांत्रिक रवैये को नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन करार देते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया है। रानी की सराय थाने के आदेश का हवाला देते हुए बताया गया कि सिविल लाइंस स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण और ज्ञापन सौंपने के शांतिपूर्ण कार्यक्रम को रोकने के लिए पुलिस ने भारी फोर्स तैनात कर मीना राय को घर पर ही नजरबंद कर दिया। इस दमनात्मक कार्रवाई से आक्रोशित आज़ाद अधिकार सेना ने सरकार और स्थानीय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दमनकारी नीतियां बंद नहीं हुईं, तो आरटीआई और आईजीआरएस के फर्जी निस्तारण को लेकर आगामी 15 से 20 नवंबर के बीच आज़मगढ़ की सभी तहसीलों और ब्लॉकों पर विशाल धरना-प्रदर्शन व जन- जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रभारी व कार्यवाहक जिलाअध्यक्ष नंदसेन सिंह ने कहा कि चुनाव के समय विभिन्न राजनीतिक दलों व उनके सांसदो विधायकों द्वारा जनता से तमाम लुभावने वादे किए जाते है, उन्हीं चुनावी वादों का हिसाब मांगने को लेकर पार्टी का आज राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जाना था। उन्होंने शाहगढ़ के मामलों और पार्टी पदाधिकारियों को थाने में बैठाए जाने का हवाला देते हुए कहा कि जनहित की आवाज़ को दबाने की हर कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा।



