गाजीपुर : श्याम भजनों से गुंजायमान हुआ अग्रसेन महिला महाविद्यालय प्रांगण

गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। नगर स्थित श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय के प्रांगण में रविवार रात ‘श्री कृष्ण जी श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़’ द्वारा भव्य ‘श्री श्याम अमृत महोत्सव’ एवं विशाल भजन संध्या का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ किया गया। इस महोत्सव में श्याम बाबा का अलौकिक एवं मनमोहक दरबार सजाया गया, जिसके दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा के भव्य श्रृंगार के समक्ष मुख्य यजमान आशीष गोयल ने सपरिवार अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात मंडल के सदस्य हिमांशु अग्रवाल, मानस अग्रवाल एवं अक्षत अग्रवाल ने पंचदेव वंदना प्रस्तुत कर कीर्तन का गणेश वंदना के साथ शुभारंभ किया। हिमांशु, अक्षत और मानस की तिकड़ी ने अपने भजनों से बाबा को खूब रिझाया। इसके उपरांत स्थानीय गायकों अंश गोयल, अमन अग्रवाल, आकाश अग्रवाल तथा दीपक अकुड़िया व ओम प्रकाश अग्रवाल ‘लड्डू जी’ की जोड़ी ने एक से बढ़कर एक भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण कटिहार से पधारे सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहक आदर्श दधीच रहे। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा पंडाल “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठा। आदर्श दधीच ने ‘कीर्तन की है रात, बाबा आज थाने आनो है’, ‘तू खाटू बुलाता रहे और मैं आता रहूं’, ‘क्या लगता हूँ बाबा तेरा कितना प्यार लुटाता है’ तथा ‘हाथों में लेकर निशान चला रे, मैं तो अपने बाबा के धाम चला रे’ जैसे प्रसिद्ध भजनों की ऐसी अविरल गंगा बहाई कि उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचने-झूमने पर विवश हो गए। श्याम बाबा के इस दिव्य कीर्तन को लेकर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। सभागार खचाखच भर जाने के कारण सैकड़ों श्रद्धालुओं को परिसर के बाहर खड़े होकर ही भजनों का आनंद लेना पड़ा। भजन संध्या के उपरांत बाबा की महाआरती उतारी गई एवं छप्पन भोग का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। तत्पश्चात आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।




