गाजीपुर : लंबित मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का सांकेतिक विरोध

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला अध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह के नेतृत्व में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विरोध के माध्यम से शासन और प्रशासन को अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की चेतावनी दी । कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों ने बताया कि 5, 6 और 7 अक्टूबर को सभी संविदा कर्मचारी कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर अपना विरोध जारी रखेंगे। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए जनपद मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा । यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 12 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित धरने में जनपद के संविदा कर्मचारी बड़ी संख्या में प्रतिभाग करेंगे।कर्मचारियों ने शासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेते हुए आंदोलन समाप्त कराने की अपील की है।




