Slide 1
Slide 1
क्राइम

गाजीपुर :पुलिस मुठभेड़ में शातिर भैंस चोर घायल, चार गिरफ्तार

पिकअप, स्कॉर्पियो, तमंचा और 62 हजार रुपये बरामद

गाजीपुर ( विवेकानंद राय )। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दिलदारनगर व कोतवाली जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम ने रकसहा कांशीराम आवास योजना के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैर राज्य के शातिर भैंस चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त रामकुमार नट के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सीएचसी भदौरा भेजा गया। पुलिस के अनुसार, 01 अक्टूबर की रात थानाध्यक्ष दिलदारनगर संतोष कुमार राय व प्रभारी निरीक्षक जमानियां योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से रकसहा कांशीराम आवास योजना में संदिग्ध भैंस चोरों के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तारी का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई संतुलित जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि चार अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामकुमार नट (25), रिफान शेख (33), बिमेलश नट (35), शबी हैदर उर्फ गुड्डू (36) तथा मोहम्मद आरिफ (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पिकअप वाहन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, चोरी की एक भैंस तथा 62 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिलदारनगर संतोष कुमार राय मय पुलिस टीम तथा प्रभारी निरीक्षक जमानियां योगेंद्र सिंह मय पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button