गाजीपुर : नगसर हाल्ट पुलिस की कार्रवाई, 16 किलो अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

गाजीपुर ( विवेकानंद राय )। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगसर हाल्ट पुलिस ने 01 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को 16 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर मय हमराह ग्राम असांव स्थित बाबा मंदिर के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मृत्युंजय राय पुत्र सच्चिदानंद राय, निवासी फातिमा विद्यालय के पास ग्राम सिउरा बहादुरगंज, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 30 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 08 बंडल गांजा, कुल वजन 16 किलो ग्राम, दो मोबाइल फोन (Vivo एवं iPhone) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना नगसर हाल्ट में मु0अ0सं0 31/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में कासिमाबाद थाने में एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर मय हमराह, थाना नगसर हाल्ट शामिल रहे।



