Slide 1
Slide 1
क्राइम

गाजीपुर : ठगी करने वाले गैंगलीडर की 4.40 करोड़ की संपत्ति कुर्क

युवाओं को झांसा दे वसूलता था मोटी रकम


गाजीपुर ( विवेकानंद राय) । फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को झांसा देकर मोटी रकम वसूलने के आरोपी गैंगलीडर विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ गाजीपुर पुलिस और राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गहमर व थाना रेवतीपुर की संयुक्त पुलिस टीम तथा तहसीलदार (प्रशासक) और राजस्व टीम, सेवराई द्वारा गैंगलीडर की संगठित अपराध से अर्जित करीब 4 करोड़ 40 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा “ऊं श्री बक्सू बाबा एकेडमी” संचालित कर बच्चों को फर्जी नौकरी का लालच दिया जाता था और फर्जी नियुक्ति पत्र के जरिए उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी। जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश के क्रम में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई। कुर्क की गई संपत्तियों में मौजा उतरौली स्थित 0.3770 हेक्टेयर भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये, तथा मौजा दुल्लहपुर स्थित 591.6 वर्गमीटर भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.30 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक विनोद कुमार गुप्ता के विरुद्ध वर्ष 2024 से 2026 तक फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, धमकी तथा गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम ने क्षेत्राधिकारी जमानियां, थाना गहमर व रेवतीपुर पुलिस तथा तहसील सेवराई के तहसीलदार और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button