फतेहपुर : महिला पत्रकारों से मारपीट के विरोध में एलजेए ने सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर। दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और दुर्व्यवहार के विरोध में फतेहपुर के पत्रकारों में रोष है। शनिवार को लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन (LJA) जिला इकाई फतेहपुर की ओर से जिला अध्यक्ष प्रभाकर पाण्डेय के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी हथगांव के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा किया गया कथित दुर्व्यवहार बेहद गंभीर और निंदनीय है। पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनसमस्याओं को सामने लाने का कार्य करते हैं। ऐसे में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, अभद्रता अथवा उत्पीड़न उनकी स्वतंत्रता और अधिकारों का हनन है।
एसोसिएशन ने मांग की कि साकेत थाना दिल्ली के दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों, विशेषकर महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ पत्रकार रमेश प्रसाद गुप्ता, शिवशरण बंधु, कृष्ण गोपाल, शैलेश चंद्र साहू, देवेंद्र कुमार सोनी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।



