
– 60 भेड़, 7 बकरा-बकरी, तमंचा, कारतूस, कार व नकदी बरामद
शीबू खान
फतेहपुर। थाना खखरेरू पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद एक अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है, जबकि 6 अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 60 भेड़, 7 बकरा-बकरी, एक तमंचा, कारतूस, स्विफ्ट कार, पिकअप और लोडर वाहन समेत नकदी व मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बताते चलें कि दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना खागा क्षेत्र के गडरियन का पुरवा मजरे खैरई निवासी अरविन्द पुत्र रामदीन एवं उसके सहयोगी हमराह वीरेन्द्र पाल ने खखरेरू थाना में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि ग्राम बरये निकट पानी की टंकी, थाना खखरेरू के 140 में से कुछ भेड़ें कुछ लोगों द्वारा चोरी कर ले जाने की बात कही। पीड़ित की तहरीर पर थाना खखरेरू में मुकदमा संख्या 14/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर थाना खखरेरू व थाना गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 29/30 जनवरी 2026 की रात अंजना कबीर ईंट भट्टा के पास स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शौएब कुरैशी उर्फ शीबू पुत्र मो. नवाब घायल हो गया, जिसे सीएचसी खखरेरू में भर्ती कराया गया। घायल अभियुक्त के पास से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस बरामद हुए। साथ ही मौके से स्विफ्ट कार (UP78CB5910) में लदी 3 भेड़, 1200 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन मिला। इसी क्रम में अन्य अभियुक्तों की निशानदेही पर एक पिकअप (DL01AL0380) से 35 भेड़ तथा एक लोडर (UP71BT0331) से 22 भेड़ व 7 बकरा-बकरी बरामद की गई। कुल मिलाकर 60 भेड़ और 7 बकरा-बकरी पुलिस ने बरामद की हैं। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा शोएब कुरैशी उर्फ शीबू (घायल) पुत्र मो० नवाब, इमरान पुत्र रहमत अली, संदीप कुमार पुत्र प्रभु, अखिलेश कुमार पुत्र धुक्कड, सोहेल उर्फ गुड्डू पुत्र मो० नवाब, रियासत पुत्र रिफ़ाकत व आमिर हम्ज़ा पुत्र महबूब को गिरफ्तार किया गया। थाना खखरेरू पर मुकदमा संख्या 14/2026 में धारा 317(2), 313 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं वर्तमान में एक अन्य मुकदमा संख्या 18/26 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार जनपद के थाना किशनपुर, थाना गाजीपुर व थाना बिंदकी क्षेत्र से चोरी गए पशुओं की भी बरामदगी की गई है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से पशु चोरी करने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया है।




