गाजीपुर : किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत

प्रमोद सिन्हा / गाज़ीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र के गुलाल सराय (मीरपुर) ग्राम पंचायत में शनिवार को खेत में घास काटने गए 58 वर्षीय किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । बिरनो थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव ने बताया कि गुलाल सराय मीरपुर गांव निवासी महेंद्र राम पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ राम (58) शनिवार की सुबह करीब नौ बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित खेत में घास काटने गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण वह काफी देर तक घर नहीं लौटे । परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी बीच ग्रामीणों को खेत में महेंद्र राम के गिरे होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने देखा कि उनकी मौत हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी जान गई। महेंद्र राम किसान थे। उनके तीन पुत्र हैं, जो बाहर रहकर निजी फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




