गाजीपुर: अमर शहीदों की कुर्बानी से मिली आजादी- आनंद राय

त्रिलोकी नाथ राय /गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वें वर्षगांठ पर भांवरकोल ब्लॉक परिसर में भाजपा नेता आनंद राय मुन्ना एवं बीडीओ ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। इस मौके पर आनंद राय मुन्ना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र नायकों को याद करने तथा उनके प्रति आभार प्रकट करने का दिन है। अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की बदौलत ही आज हम आजाद होकर खुली हवा में सांस ले रहे हैं। देश उनके बलिदान और त्याग को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी देशवासियों की जिम्मेदारी है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए । बीडीओ प्रेमचंद ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान सचिव राजकुमार यादव ने देशभक्ति की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



