बुलंदशहर : बीबीनगर में पुलिस मुठभेड़,1 बदमाश घायल, 5 गिरफ्तार

तमंचे, नकदी, वाहन और चोरी का भैंसा बरामद, SSP ने टीम को किया सम्मानित
मोहित त्यागी/बुलंदशहर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीबीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। SSP दिनेश कुमार के निर्देशन में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश पोटा कबूलपुर मार्ग पर स्थित चन्दपुरा बम्बे के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर बीबीनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें पिलखुवा, हापुड़ निवासी बदमाश समीर के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे सीएचसी बीबीनगर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से घायल समीर सहित कुल 5 आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये सभी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, ₹14,800 नकद, 2 वाहन और चोरी किया हुआ एक भैंसा बरामद किया है। SSP दिनेश कुमार ने बताया कि जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



