Slide 1
Slide 1
क्राइम

गाजीपुर : पंजाब से बिहार जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद,पुलिस मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, तीन गिरफ्तार

गाजीपुर । जनपद में गो-तस्करों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 12 नवंबर गुरुवार की रात्रि थाना भांवरकोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में पंजाब निवासी एक शातिर गो-तस्कर को गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो डीसीएम वाहनों से कुल 18 गोवंश, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब की ओर से एक संदिग्ध डीसीएम वाहन में गोवंश लादकर पक्खनपुर होते हुए बिहार की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रसूलपुर-मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान PB10…8928 नंबर की डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें नौ गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने एक अन्य डीसीएम में भी नौ गोवंश लदे होने की जानकारी दी।
इसके बाद दूसरी डीसीएम के पहुंचने पर पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए घायल अभियुक्त को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रमोहम्मदाबाद पहुंचाया, जबकि मौके से एक अन्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस प्रकार पुलिस ने कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इन अभियुक्तों की पहचान दर्शन सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी ग्राम चौकीमान, थाना सदर जगराओं, जिला लुधियाना (पंजाब), उम्र 58 वर्ष; पवन कुमार पुत्र अनिल कुमार उर्फ सलीम खान, निवासी ग्राम बलियोन, थाना समराला, जिला लुधियाना (पंजाब), उम्र 30 वर्ष तथा सुखदीप कुमार पुत्र दर्शन कुमार, निवासी वार्ड नंबर 8, हिम्मतनगर, थाना समराला, जिला लुधियाना (पंजाब), उम्र 37 वर्ष के रूप में हुई है। इनमें सुखदीप कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों डीसीएम वाहनों सहित कुल 18 गोवंश, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस द्वारा मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय मय पुलिस टीम तथा चौकी प्रभारी शेरपुर विपिन कुमार सिंह मय पुलिस टीम शामिल रहे। गाजीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

जिला संवाददाता: विवेकानंद राय
गाजीपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button