लखनऊ : घुमंतू विकास बोर्ड के गठन पर बोले सीएम योगी

सपा-कांग्रेस ने जिन्हें कभी पूछा नहीं हमने उनकी पूजा की
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के निर्णय पर आयोजित आभार और अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ,सबका विकास का जो मंत्र दिया था,उसी सोच के तहत सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा रही है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार बिना किसी जाति,क्षेत्र,भाषा या धर्म के भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गठित किए जा रहे घुमंतू विकास बोर्ड के माध्यम से अब घुमंतू एवं विमुक्त समाज को दर-दर भटकने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। सरकार उन्हें सम्मानजनक जीवन, सरकारी योजनाओं का लाभ और समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। सीएम ने कहा कि यह बोर्ड केवल एक प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित समाज को न्याय, सम्मान और अवसर दिलाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। सीएम योगी ने कहा कि घुमंतू समाज के सम्मेलन में बोर्ड गठन की मांग उठाई गई थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है। सीएम ने कहा कि बोर्ड की संरचना ऐसी होगी,जिसमें विभिन्न घुमंतू एवं विमुक्त जातियों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंच सकें। सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार पहले ही वनटांगिया,मुसहर,थारू, गौड़,चेरो,बुक्सा,कोल और सहरिया जैसे वंचित समुदायों को राशन कार्ड,आवास,आयुष्मान भारत कार्ड,बिजली,गैस कनेक्शन,भूमि के पट्टे और पेंशन जैसी योजनाओं से जोड़ चुकी है। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सीएम योगी के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि घुमंतू विकास बोर्ड शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास ,आजीविका और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।असीम अरुण ने कहा कि बोर्ड के गठन के बाद एक विशेष कार्यदल भी बनाया जाएगा, जो घुमंतू एवं विमुक्त समाज के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगा। बता दें कि कार्यक्रम के दौरान सपेरा समाज ने पारंपरिक बीन वादन से सीएम योगी का स्वागत किया और बोर्ड गठन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।



