Slide 1
Slide 1
अयोध्या

अयोध्या : पलिया शाहबदी में मियावाकी पद्धति से स्थापित होगा संजीवनी उपवन

आईपीएल के सीएसआर फंड से विकसित होगा जानकी जलाशय

अयोध्या (ब्यूरो)। नगर निगम अयोध्या और आईपीएल संस्था के संयुक्त प्रयास से सीएसआर फंड के माध्यम से पलिया शाहबदी क्षेत्र में मियावाकी पद्धति पर आधारित संजीवनी उपवन तथा जानकी जलाशय का विकास किया जाएगा। परियोजना का शुभारंभ मंगलवार को आयोजित भूमि पूजन समारोह में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि रामनगरी को अधिक हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में यह उपवन एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयास जनसहभागिता से ही सफल हो सकते हैं। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम अयोध्या शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के लिए लगातार छोटे-बड़े उपवन विकसित कर रहा है। यह परियोजना भी उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी होगी। मियावाकी पद्धति से तैयार होने वाला संजीवनी उपवन कम स्थान में घना, जैव विविधता से भरपूर और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत उपयोगी होगा। इसके साथ ही विकसित किया जाने वाला जानकी जलाशय वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन तथा स्थानीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी ने कहा कि जानकी जलाशय जल संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी मॉडल बनेगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।आईपीएल संस्था की ओर से कार्यक्रम का संचालन कर रहे पवन पांडे ने बताया कि इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लगभग दो वर्षों में विकसित किया जाएगा। पांडे ने बताया कि भूमि पूजन के साथ ही कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के निदेशक विश्वास स्वरूप अग्रवाल जी, कंपनी के सी एस आर निदेशक रामकृष्ण सुब्रमण्यम जी  ने कार्यक्रम के समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button