गाजीपुर : स्वामी सहजानंद महाविद्यालय में पी-एच.डी. प्री-सबमिशन संगोष्ठी संपन्न
हिंदी विभाग की दो शोधार्थियों ने प्रस्तुत किया शोध प्रबंध

गाजीपुर। शहर के स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को हिंदी विभाग की शोध छात्राओं की पी-एच.डी. प्री-सबमिशन संगोष्ठी संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) वी. के. राय ने की।संगोष्ठी में हिंदी विभाग के प्राध्यापक एवं शोध निर्देशक डॉ. सतीश कुमार राय के निर्देशन में शोधरत दो छात्राओं ने अपने शोधकार्य का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके तहत अर्चना लता चौधरी ने ‘आंचलिक उपन्यासों में अभिव्यक्त युगीन चेतना’ और अभिलाषा सिंह ने ‘हिंदी उपन्यासों में भारत विभाजन की समस्या’ विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया तथा अध्ययन के उद्देश्यों व अब तक प्राप्त निष्कर्षों पर प्रकाश डाला।प्रस्तुति के उपरांत शोध निर्देशक डॉ. सतीश कुमार राय, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश पाण्डेय तथा सहायक आचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव सहित उपस्थित प्राध्यापकों ने शोध कार्यों की अकादमिक समीक्षा की। विशेषज्ञों ने अंतिम शोध-प्रबंध जमा करने से पूर्व उसे और अधिक उत्कृष्ट बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण व रचनात्मक सुझाव दिए। वहीं, प्राचार्य प्रो. राय ने शोधार्थियों के अकादमिक प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर आई.क्यू.ए.सी. संयोजक विलोक सिंह, डॉ. रामधारी राम, डॉ. सतीश पांडेय, डॉ. सुरेश प्रजापति, डॉ. अवधेश कुमार पांडेय, डॉ. देवप्रकाश राय और डॉ. विशाल सिंह सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं शिक्षकगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



