Slide 1
Slide 1
क्राइम

देवरिया : रेलवे ट्रैक पर पिता-पुत्र के शव मिलने से फैली सनसनी

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। जनपद के गौरीबाजार क्षेत्र में शुक्रवार देर रात रेलवे ट्रैक पर पिता और पुत्र के शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान गौरीबाजार कस्बे के उद्योग नगर वार्ड नंबर-2 निवासी 60 वर्षीय श्रवण जायसवाल और उनके 28 वर्षीय बेटे राकेश जायसवाल के रूप में हुई है। श्रवण जायसवाल रामलक्षन चौराहे पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान संचालित करते थे घटना से जायसवाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि तीन महीने पहले ही परिवार ने अपने बड़े बेटे को सड़क हादसे में खोया था।परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम दुकान बंद करने के बाद श्रवण जायसवाल अपने बेटे राकेश के साथ बाइक से चौरीचौरा कपड़े खरीदने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों की परिजनों से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वे खरीदारी कर वापस लौट रहे हैं। समय ज्यादा होने पर घर वाले संपर्क करना चाहे लेकिन दोनों का मोबाइल फोन बंद हो गया था।देर रात पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि गौरीबाजार क्षेत्र में बुजुर्ग पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर दो शव पड़े मिले हैं। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने वहां श्रवण जायसवाल और राकेश जायसवाल के शवों की पहचान की। दोनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में रेलवे ट्रैक पर पड़े थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक, कपड़ों का झोला, पर्स और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला रेलवे हादसे का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।जायसवाल परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था। श्रवण जायसवाल के बड़े बेटे श्वेतांक उर्फ रवि जायसवाल की 7 मार्च को गौरीबाजार-देवरिया मार्ग पर कटाई के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह भी कपड़ों के कारोबार से जुड़े थे। लगातार दो बड़ी भयानक घटना के बाद परिवार लगभग बिखर गया है। अब परिवार में श्रवण जायसवाल की वृद्ध मां गुड्डी देवी और बेटी पूजा ही बची हैं। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस छान बिन में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button