वाराणसी : एनसीसी कैडेट राष्ट्र का अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बने – कर्नल जी. पी. सिंह
बीएचयू में वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC) का भव्य शुभारम्भ

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय स्थित 28 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी में 10 जून से वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी) का शुभारम्भ उत्साह, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण में हुआ। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आई लगभग 425 कैडेट्स की उपस्थिति ने परिसर को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जी. पी. सिंह अपने संबोधन से कैडेट्स को एनसीसी के मूल उद्देश्यों, कर्तव्यों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया। कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता के विकास एवं राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक एनसीसी कैडेट राष्ट्र का अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में कार्य करता है। कर्नल सिंह ने विशेष रूप से शिविर के दौरान अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का मूल मंत्र “एकता और अनुशासन” केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक कैडेट के जीवन का आधार होना चाहिए। कैडेट्स से परस्पर सहयोग, सामूहिक भावना एवं टीम वर्क के साथ पूरे शिविर में भाग लेने का आह्वान किया। इस वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, वसन्त महिला महाविद्यालय राजघाट, निवेदिता शिक्षा सदन, सनबीम वरुणा, सनबीम भगवानपुर, धीरेन्द्र महिला महाविद्यालय, जीजीपीजीसी गाजीपुर तथा लूदस कॉन्वेंट गाजीपुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 425 कैडेट्स भाग ले रही हैं। विभिन्न पृष्ठभूमियों से आई इन कैडेट्स के मध्य उत्साह एवं सीखने की ललक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ड्रिल प्रैक्टिस, मैप रीडिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता विकास, साइबर सुरक्षा तथा व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेट्स में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। इसके अतिरिक्त शिविर के अंतर्गत खेलकूद प्रतियोगिताएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे कैडेट्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं सामूहिक सहभागिता का अवसर प्राप्त होगा। सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति एवं आपसी सौहार्द की भावना को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।संपूर्ण शिविर का संचालन एवं प्रशिक्षण वरिष्ठ जीसीआई अनीता कुमारी, वरिष्ठ जीसीआई श्रुति श्रीवास्तव, वरिष्ठ जीसीआई सुशीला वर्मा, सूबेदार मेजर संजय कुमार पांडेय, सूबेदार मेजर इंदर प्रसाद गुरूंग, जेसीओ दीपु एवं भास्कर वर्मा, एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. विभा सिंह, सीटीओ सपना झा, सीटीओ बबीता यादव, सीटीओ सीता सुंदर सिंह तथा सीटीओ सावित्री के कुशल मार्गदर्शन एवं निगरानी में सम्पन्न होगा। वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का यह आयोजन कैडेट्स के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। शिविर के माध्यम से कैडेट्स को न केवल सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त होगा, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता, नेतृत्व एवं राष्ट्र सेवा की भावना भी सशक्त होगी।




