देवरिया : जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ सड़क परियोजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात से पूर्व सभी प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित कर ली जाए। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराते हुए परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा कराया जाए।बैठक में लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, भूमि अधिग्रहण एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राम-जानकी मार्ग, नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग, सलेमपुर बाईपास, देवरिया बाईपास एवं तमकुहीराज-मझौली मार्ग निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राम-जानकी मार्ग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लगभग 598 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना का कार्य चार नवंबर 2024 से प्रारंभ हुआ है तथा इसे तीन मई 2027 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। अब तक परियोजना में लगभग 53.60 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग परियोजना की समीक्षा में बताया गया कि लगभग 613 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस सड़क का कार्य दो दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुआ है। परियोजना की कुल लंबाई 44.995 किलोमीटर है, जिसमें जनपद देवरिया में लगभग 16 किलोमीटर भाग का निर्माण होना है। अब तक लगभग 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति पाई गई है। यह सड़क नवलपुर से शुरू होकर सिकंदरपुर तक बनाई जाएगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में गति बढ़ाने के निर्देश दिए। सलेमपुर बाईपास सड़क परियोजना की समीक्षा में बताया गया कि लगभग 394 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का कार्य 11 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुआ है तथा इसके पूर्ण होने की तिथि नवंबर 2027 निर्धारित है। परियोजना में अब तक लगभग 32 प्रतिशत कार्य प्रगति पाई गई। जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाते हुए निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। देवरिया बाईपास सड़क परियोजना, जिसकी लागत लगभग 613 करोड़ रुपये है, की समीक्षा के दौरान कार्य प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा निर्माण कार्य में और तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। बताया गया कि परियोजना का कार्य एक अगस्त 2025 से प्रारंभ हुआ है तथा इसके पूर्ण होने की तिथि जुलाई 2027 निर्धारित है। तमकुहीराज-मझौली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की समीक्षा में बताया गया कि लगभग 192.27 करोड़ रुपये की लागत से 24.745 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना का कार्य 29 जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ है तथा इसके जुलाई 2026 तक पूर्ण होने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक परियोजना में लगभग 82 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को तेजी एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने इसके उपरांत पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई एवं भूमि अधिग्रहण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्यदायी संस्थाएं सड़क निर्माण कार्यों को जून माह तक हर हाल में पूर्ण कराने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने खनन एवं भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामशंकर सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता, एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



