देवरिया : ग्रिल तोड़ कर घर में लाखों की चोरी

असगर अली ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद के भलुअनी थाना क्षेत्र के करमटार गंगा गांव में एक घर में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी हो गई। भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण परिवार छत पर सो रहा था, तभी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गांव निवासी सुषमा सिंह पत्नी अनिल सिंह ने बताया कि शनिवार रात उनका पूरा परिवार तेज गर्मी और बिजली कटौती के कारण छत पर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। इसी दौरान देर रात चोर घर के पीछे की ग्रिल तोड़कर अंदर घुस गए।चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी चुरा ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे कमरे में पहुंचे, तो सामान बिखरा देख वे सन्न रह गए। कमरे का सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी टूटी हुई थी। इसके बाद परिवार ने शोर मचाया, जिस पर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पीड़िता सुषमा सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर दो सोने की चेन, चार सोने की बाली, एक सोने की अंगूठी, चार पायल, चार बिछिया, एक चांदी की चेन और लगभग पांच सौ रुपये नकद चुरा ले गए। उन्होंने बताया कि अगले महीने उनकी भतीजी की शादी है, जिसके चलते सभी जेवर घर में रखे गए थे। चोरों ने कमरे में रखे लैपटॉप और मोबाइल फोन को नहीं छुआ।घटना की सूचना तुरंत भलुअनी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। इसके साथ ही जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घर से कई साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



