
बुलंदशहर। अनूपशहर हाईवे पर जहाँगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सलगवां के पास शुक्रवार को एक महिला की नग्न लाश मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथमदृष्टया शव कई दिन पुराना लग रहा है। आशंका है कि हत्या कर शव सुनसान इलाके में फेंका गया है। सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण अंकित जैन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव की हालत देखकर लग रहा है कि महिला की मौत कई दिन पहले हुई है। अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ग्रामीण अंकित जैन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या, दुष्कर्म समेत सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। हाईवे किनारे इस तरह शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रिपोर्ट: मोहित त्यागी



