गाजीपुर : पुलिस ने दो वांछित गो तस्करों को किया गिरफ्तार, गए जेल

त्रिलोक नाथ राय /गाजीपुर। भांवरकोल स्थानीय थाना पुलिस को गुरुवार की सुबह उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब गो तस्करी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए फखनपुरा गांव के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास से दोनों तस्करों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नसीम खां उर्फ भोला निवासी बिजरौल, थाना बड़ौत, जनपद बागपत तथा दिलशाद उर्फ सिक्कू कुरैशी निवासी हल्ला उर्दू कॉलोनी, कल्लू टायर पंचर वाले के मकान के पास, स्थायी पता चौधराना पट्टी थाना क्षेत्र बड़ौत शामिल हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से गो तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे थे और पुलिस को उनकी तलाश थी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि बीते 20 फरवरी को दर्ज गो तस्करी के मामले में दोनों आरोपियों का नाम प्रकाश में आया था। तभी से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई थी। गुरुवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों संदिग्ध फखनपुरा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे मौजूद हैं। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक दयाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उनकी पहचान वांछित अभियुक्तों के रूप में हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा रही। स्थानीय लोगों ने भी अपराधियों की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम की सराहना की है।



