गाजीपुर : नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकतांत्रिक भागीदारी की दिशा में मिल का पत्थर: डॉ ऋचा राय

गाजीपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित रायफल क्लब के सभागार में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने प्रतिभाग किय। प्रेस वार्ता के दौरान इस अधिनियम को देश में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं परिवर्तनकारी कदम बताया। डॉ ऋचा राय (साहित्कार) ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है, जिसे संतुलित करने के लिए यह अधिनियम अत्यंत आवश्यक था। यह कानून महिलाओं को लोकसभा, राज्यसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त बनाएगा। डॉ0 बीती सिंह (चिकित्सक) ने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं को समाज में सम्मान और पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं निर्णय लेने वाले पदों पर पहुंचेंगी, तो स्वास्थ्य, पोषण और महिला कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी। शिक्षा क्षेत्र से विभा श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण में संवेदनशीलता आएगी, जिससे महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों को बेहतर ढंग से समझा और हल किया जा सकेगा। अधिवक्ता एडवोकेट ज्योत्सना श्रीवास्तव ने अधिनियम के कानूनी पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को संवैधानिक अधिकारों के तहत मजबूत आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को न्याय और समानता के अधिकारों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिष्ठित महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का महत्व केवल 33 प्रतिशत आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय समाज में लैंगिक समानता की दिशा में एक सशक्त संदेश भी देता है। यह महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे आने के लिए प्रेरित करेगा और शासन व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। महिलाओं ने यह भी कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा और नीतियां अधिक समावेशी एवं प्रभावी बनेंगी। अंत में सभी वक्ताओं ने इस अधिनियम का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया और कहा कि इससे देश में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
प्रेस वार्ता के अंत में पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए वक्ताओं ने नारी सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी समाज के सभी वर्गों से महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। इस कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी एवं धन्यवाद ज्ञापित सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर सहायक पर्यटक अधिकारी राम कुमार मौर्य एवं प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ सूचना विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।



