सहारनपुर : पीएम मोदी मंगलवार को दिल्ली – देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का करेंगे उद्घाटन
सुरक्षा का जबरदस्त घेरा,डायवर्जन लागू

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मंगलवार को सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पीएम के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर जबरदस्त सुरक्षा घेरा बनाया गया है। रविवार शाम से ही अलग-अलग मार्गों पर 46 घंटे का डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में चार हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कई जिलों से फोर्स सहारनपुर पहुंच गई है।आगरा,मेरठ और बरेली जोन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।इसके साथ ही केंद्रीय और प्रदेश की खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड में हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब डाॅक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर सहारनपुर आ रहे हैं। इस अवसर पर पीएम दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पीएम और सीएम के कार्यक्रम को लेकर पिछले 15 दिनों से बिहारीगढ़ के गणेशपुर में तैयारियां चल रही हैं। अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। पीएम के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती है। सभा स्थल पर प्रवेश से पहले 5 लेयर की सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है।हर व्यक्ति की सघन चेकिंग अनिवार्य की गई है।आम लोगों के लिए अलग सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था होगी।सभा स्थल के आसपास लगभग 2 किलोमीटर क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था की गई है।सीएम योगी आज सोमवार सहारनपुर पहुंचेंगे। अपने इस महत्वपूर्ण दौरे में सीएम वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे,डाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे और विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। देर शाम सर्किट हाउस में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। डाट काली मंदिर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। दर्शन के दौरान ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा और स्थानीय श्रद्धालुओं की भीड़ संभावित रहेगी। पीएम मोदी और सीएम योगी के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त फोर्स जगह जगह तैनात की गई है और सभी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।पीएम और सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन और जनसभा की वजह से रविवार शाम 6 बजे से ही डायवर्जन लागू कर दिया गया है। बुधवार शाम 4 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।वीवीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए देहरादून आने-जाने वाले वाहनों के मार्ग पूरी तरह बदले गए हैं।




