देवरिया : फसलों को आगजनी से बचाने को जिलाधिकारी की विशेष अपील

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। जनपद में गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी है और कई स्थानों पर कटाई कार्य शुरू भी हो गया है। बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने किसानों, कंबाइन मशीन संचालकों एवं ग्राम प्रधानों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कंबाइन व भूसा मशीनों पर फायर एक्सटिंग्विशर, पानी और बालू की अनिवार्य व्यवस्था रहे तथा बिना सुरक्षा संसाधनों के मशीनों का संचालन न किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आग लगने की स्थिति में तत्काल ट्रैक्टर से जुताई कर उसके फैलाव को रोका जा सकता है। ग्राम प्रधानों को गांव स्तर पर पानी व ट्रैक्टर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि तेज धूप और तेज हवाओं के दौरान भूसा मशीन का संचालन न करें तथा कटाई के समय खेतों में धूम्रपान से बचें। साथ ही मशीनों की नियमित जांच करें और पास में पानी की व्यवस्था रखें। जिलाधिकारी ने पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि समय रहते सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।



