
असगर अली/देवरिया। जनपद के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सार्थक सिंह 20 के रूप में हुई है। उसके पिता जयदीप सिंह बिहार के जगदीशपुर कोठी में शिक्षक हैं। सार्थक अपने परिवार के साथ श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भवानी छापर बाजार में किराये के मकान में रह रहा था।बृहस्पतिवार सुबह सार्थक अपने कमरे में लैपटॉप पर गेम खेल रहा था। परिजनों के अनुसार, गेम में हारने के बाद वह तनाव में दिख रहा था। दोपहर में वह अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो सार्थक फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन कब्जे में लिया, जिसमें ऑनलाइन गेम पाया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है, और परिजन इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा ने इस संबंध में कहा कि युवाओं में ऑनलाइन गेमिंग का दबाव और हार-जीत की भावना मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और उनके व्यवहार में बदलाव पर ध्यान देने की सलाह दी।



